कैसे बनाये रखे अपने संबंधों में गर्माहट

वो कहते हैं न कोई भी चीज लगातार एक जैसे तरीके से करते रहें तो इंसान बोर हो जाता है। बस यही चीज होती है रिश्तों के साथ। एक समय के बाद रिश्तों में ताजगी नहीं रह पाती। स्त्री हो या पुरुष दोनों के साथ यही समस्या होने लगती है। सम्बन्धों में गर्माहट का मतलब सिर्फ पति पत्नी के बीच ही नहीं इसके अलावा परिवार के साथ भी रिश्ते मजेदार होना चाहिए। क्योकिं जब आपसे जुड़े ख़ास रिश्ते गर्माहट लिए होंगे तभी आप अपनी जिन्दगी बेहतर तरीके से जी पायेगे।

रिश्तों में गर्माहट लाने के लिए सिर्फ एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को प्रयास करना चाहिए। ऐसा करने से थोड़े समय में ही हर चीज संभल जाती है। अगर प्रयास एक तरफा रहे तो ये ज्यादा दिन तक नहीं चल पाता और रिश्तों में दूरियाँ आने लगती है।

लव यू न यार-

“तुमको पता है न यार में तुमसे कितना प्यार करता हूँ।” यह बहुत ही छोटा सा वाक्य है जिसको इंसान बोल तो देता है पर जताना भूल जाता है। सिर्फ आई लव यू कहने से रिश्तों में गर्माहट नहीं आती है। आप कभी मत बोलो आई लव यू, बस जब आपकी जरूरत हो उस समय आप अपनी हरकतों से यह जता दें की आप कितना प्यार करते हैं। तो फिर इस शब्द का जादू आप हमेशा देखेंगे। क्योंकी जब प्यार है तो दिखना भी चाहिए, प्यार जताने के कई तरीके है। चाकलेट, गुलाब और गिफ्ट के साथ साथ, सम्मान, अपनापन, जरूरत के समय साथ देना, भावनाओं को समझना यह सब भी सूची का हिस्सा है। जैसे कोई बीमार है तो डॉक्टर के पास चले जाओ। यह न बोलकर बकायदा उसे डॉक्टर के पास ले जाए। वापिस आने के बाद उसको आराम दें। उसके हिस्से का काम उस दिन करके उसे स्पेशल फील करवा सकते हैं। तभी लगता है आप सिर्फ ये लव यू सिर्फ बोलते ही नहीं प्यार करते भी है।

कुछ तो बोलो न-

जब तुमको तभी सुनना है जब जरूरत हो तो मेरे बोलने का क्या फायदा। यह बात आपके रिश्ते को बहुत कमजोर कर देती है। मानती हूँ व्यक्ति हर समय हर बात नहीं सुन सकता, पर आपको उस समय हर वो बात सुनना चाहिए। जो बहुत जरूरी हो। जिंदगी में कई सारी उधेड़बुन चलती रहती है। कई बातें ऐसी होती है जिनपर समझ नहीं आता की क्या किया जाए। ऐसे में अपनों के सामने अपनी उलझन रखे, और सब मिलकर इस चीज का हल निकाले। जब ऐसा महसूस होता है की आपकी परेशानी सुनने और उसका हल निकालने वाले आपके पास मौजूद है तो अन्दर से खुशी मिलती है। यह ख़ुशी रिश्तों में हमेशा मिठास भरती है। तब आप चेहरा देखकर यह समझने लगते हैं की आज घर के मौसम का क्या हाल है।

उपहार दें-

ज़रूरी नहीं है के उपहार के नाम पर आप महंगी चीजें ही लाएं। काम से वापस लौटते वक्त बच्चों के लिए चॉकलेट ले लेना या पत्नी के लिए गुलाब ले लेना, या मां बाप के लिए कोई छोटी सी किताब ले लेना या भजन की कोई सीडी ले लेना। ऐसे छोटे-छोटे उपहारों से रिश्तो में प्रेम प्रज्वलित रहता है। उपहार छोटे छोटे से ही सही पर यह दर्शाते हैं कि आप सामने वाले के बारे में सोचते हैं और आपको उनका ख्याल रहता है।

परिवार के साथ आउटिंग पर जाए-

रिश्तों में गर्माहट बनाये रखने के लिए अपने परिवार को हमेशा समय दें। आप रोज ऐसा नहीं कर सकते तो ख़ास मौकों पर जरुर उनके साथ रहे। परिवार के साथ बाहर जाना एक सबसे अच्छा विकल्प होता है। पर बाहर जाते समय इस बात का हमेशा ध्यान रखें की आप शारीरिक तौर पर नहीं बल्कि मानसिक तौर पर भी परिवार के साथ रहें। यह रिश्तों में गर्माहट भरने का सबसे बेहतरीन विकल्प है।

सम्बन्धों को दें महत्त्व-

जब आप अपने से जुड़ें ख़ास रिश्तों को महत्त्व देती है, तो परिवार खुश रहता है जब परिवार खुश तो उससे जुड़ा हर सम्बन्ध अपनी जगह खुश रहता है। जब जिसकी जहाँ जरूरत होती है लोग खुद से ही आगे आकर चीजे संभालने लगते हैं। आप ऐसा प्यार और अपनापन देखकर रिश्तों में ताजगी महसूस करने लगते हैं। ऐसे में कोई भी चीज आपको तनाव नहीं देती। क्योकिं हर किसी को पता रहता है की किस जगह किसकी क्या जरूरत है।

दोस्त बनकर देखें-

वो बीबी है, वो पति है, वो ससुर है, वो सास है, वो ननद है, वो देवर है। यह ऐसे शब्द है जो हर किसी को सुनने को मिलते हैं। अगर आप इन शब्दों से ऊपर उठकर दोस्त बनकर जब इन रिश्तों को देखेंगी तो आपको पता चलेगा की हर रिश्ता कितना प्यारा है। जब आप रिश्तों में दोस्ती ढूंढ लेते हैं तो आपको कुछ नया मिल जाता है। आपको पता रहता है की आपके किस दोस्त को क्या चाहिए, और आपके दोस्त को पता रहता है की आपको क्या चाहिए।

 रिश्तों में गर्माहट बनाये रखने के लिए जरूरी नहीं की हर दिन ही कुछ नया किया जाए। बल्कि कुछ ख़ास जगहों पर ख़ास अंदाज भी आपके रिश्ते को तरोताजा कर देता है। यह बात सिर्फ पति-पत्नी के रिश्ते के लिए ही नहीं बल्कि हर उस ख़ास रिश्ते के लिए है, जो आपसे जुड़ा है। इसलिए जब अपने से जुड़ें रिश्तों में गर्माहट रहेगी, तो आपकी जिंदगी खुबसूरत होती जायेगी। ऊपर दी गई छोटी छोटी बातों को आप ध्यान रखेंगे तो आपके रिश्तों में हमेशा गर्माहट बनी रहेगी।

Leave a Comment